विश्व कप 2027 का शेड्यूल 1 अक्टूबर को केप टाउन में होगा जारी

आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होगा। इस टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल 1 अक्टूबर को केप टाउन में आयोजित कार्यक्रम में जारी किया जाएगा।
यह कार्यक्रम टूर्नामेंट की एक वर्ष की उलटी गिनती का हिस्सा है। इसी मौके पर टिकटों के लिए रजिस्ट्रेशन और बैलेट प्रक्रिया भी शुरू होने की संभावना है।
विश्व कप 2027 अक्टूबर से नवंबर 2027 के बीच खेला जाएगा। इसमें 14 टीमें हिस्सा लेंगी। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान के तौर पर सीधी एंट्री मिली है, जबकि नामीबिया को क्वालीफिकेशन के जरिए जगह बनानी होगी।
टूर्नामेंट तीन देशों के 12 मैदानों पर खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका में आठ, जिम्बाब्वे में तीन और नामीबिया की राजधानी विंडहोक में एक मैदान शामिल है। यह पुरुष विश्व कप 24 साल बाद अफ्रीका लौट रहा है। पिछली बार 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने इसकी मेजबानी की थी। नामीबिया पहली बार सीनियर आईसीसी विश्व कप की मेजबानी करेगा।





